अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी अमरीकी कारोबारी एलन मस्क इलैक्ट्रिक कारों के कारोबार के अलावा स्पेस टैक्नोलॉजी में काम करने वाली कंपनी स्पेस एक्स, आर्टिफिशियल इंटैलिजैंस में काम करने वाली कंपनी एक्स ए आई ,सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स, इंफ्रास्ट्रक्चर में काम करने वाली कंपनी बोरिंग और न्यूरो टैक्नोलॉजी में काम करने वाली कंपनी न्यूरलिंक चलाते हैं, लेकिन उनकी कंपनी टेस्ला ही अमरीका के शेयर बाजार में लिस्टेड है। अमरीका के राष्ट्रपति डोनलड ट्रंप द्वारा टैरिफ को लेकर शुरू की गई नीति के कारण ही उनकी यह लिस्टेड कंपनी दुनिया भर में निशाने पर आ गई है और तीन महीने में ही कंपनी का मार्किट कैप 50 प्रतिशत से ज्यादा टूट गया है।
लेकिन इसके बावजूद एलन मास्क ने देश की खातिर अपनी जिंदगी भर की कमाई को दाव पर लगाकर दुनिया भर के उन कारोबारियों के लिए मिसाल पैदा की है जो कारोबार को राष्ट्र से ऊपर रखते हैं। एलन मास्क को अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की राजनीतिक करीबी का खमियाजा उनकी लिस्टेड कंपनी के शेयरों में गिरावट के रूप में भुगतना पड़ रहा है लेकिन इसके बावजूद मस्क राष्ट्रवाद के अपने स्टैंड पर कायम हैं।


टेस्ला के शेयर 2010 में नेसडेक पर लिस्ट हुए थे और इसकी लिस्टिंग के बाद से कंपनी को अब तक की सबसे लंबी गिरावट वाली अवधि से गुजरना पड़ रहा है। पिछले साल 18 दिसंबर को टेस्ला के शेयर की कीमत 488.54 डालर प्रति शेयर थी और 20 जनवरी को ट्रंप के राष्ट्रपति पद संभालने के बाद लगातार मस्क की कंपनी के शेयरों में गिरावट आ रही है और 10 मार्च को टेस्ला का शेयर 15 फीसदी टूट कर 220 डालर प्रति शेयर तक पहुंच गया और यह सितंबर 2020 के बाद टेस्ला के लिए सबसे खराब दिन था। तीन महीने में ही कंपनी के शेयर करीब 55 फीसदी टूट चुके हैं। जिस समय टेस्ला के शेयर की कीमत 488.54 डालर प्रति शेयर थी उस समय मस्क की कंपनी का मार्किट कैप 1.57 ट्रिलियन डालर था जो अब 714.55 बिलियन डालर रह गया है।
दरअसल टेस्ला के शेयरों में गिरावट मुख्य रूप से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ (आयात शुल्क) संबंधी योजनाओं को लेकर अनिश्चितता के कारण आई। कनाडा और मैक्सिको ऑटोमोटिव आपूर्तिकर्त्ताओं के लिए प्रमुख बाजार हैं, और बढ़े हुए टैरिफ से व्यापार युद्ध की संभावना बन सकती है, जिससे उत्पादन प्रभावित हो सकता है और कीमतें बढ़ सकती हैं।
बैंक ऑफ अमेरिका के विश्लेषकों ने एक रिपोर्ट में कहा कि जनवरी में यूरोप में टेस्ला की नई वाहन बिक्री एक साल पहले की तुलना में लगभग 50% गिर गई, जिसका एक कारण ब्रांड के प्रति बढ़ती नकारात्मक धारणा है। जनवरी में वैश्विक इलैक्ट्रिक वाहन बिक्री, जिसमें पूरी तरह से इलैक्ट्रिक और प्लग-इन हाइब्रिड मॉडल शामिल हैं, एक साल पहले की तुलना में 21% बढ़ी, जबकि टेस्ला की बिक्री घटी। बैंक ऑफ अमेरिका के अनुसार, यह वृद्धि यूरोप में मांग बढ़ने के कारण हुई।
हालांकि फॉक्स बिजनैस को दिए एक इंटरव्यू में मस्क ने कहा कि उन्हें ट्रंप प्रशासन में काम करने और कंपनी संभालने में काफी कठिनाई हो रही है। इंटरव्यू के दौरान, मस्क ने कहा कि वह ट्रंप प्रशासन में कम से कम एक साल और बने रहने की उम्मीद करते हैं। हालांकि उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट एक्स पर कंपनी के शेयरों में आई गिरावट की तरफ इशारा करते हुए लिखा कि यह लंबी अवधि में ठीक हो जाएगा।




Leave a Reply